विराट की शतकीय मास्टरक्लास भी बेकार, किवीज ने रचा इतिहास! भारत को पहली बार घर में ODI सीरीज हराया

इंदौर के होलकर स्टेडियम में  खेला गया भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा और निर्णायक वनडे मैच भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद निराशाजनक रहा। न्यूजीलैंड ने तीसरे और निर्णायक वनडे में भारत को 41 रनों से हराकर न केवल मैच जीता, बल्कि भारतीय सरजमीं पर अपनी पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज (2-1) जीतकर इतिहास के सुनहरे पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया।

मिचेल और फिलिप्स का शानदार प्रदर्शन 

टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी चुनी। न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और वे मात्र 5 रनों पर 2 विकेट गंवा बैठे। डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स सस्ते में पवेलियन लौट गए। लेकिन इसके बाद डैरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने कमाल कर दिखाया।

दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 219 रनों की जबरदस्त साझेदारी हुई। मिशेल ने 137 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि फिलिप्स ने 88 गेंदों में 106 रन बनाए। इन दोनों की बदौलत न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 337/8 का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

भारतीय गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने 3-3 विकेट चटकाए, लेकिन मिशेल और फिलिप्स के सामने वे बेबस नजर आए।

विराट का ‘विराट’ संघर्ष, मगर साथ की कमी

338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रोहित शर्मा, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर जल्दी आउट हो गए। लेकिन एक बार फिर विराट कोहली ने अपनी काबिलियत साबित की। उन्होंने 108 गेंदों में 124 रनों की शानदार पारी खेली, जो उनका 54वां वनडे शतक था।

कोहली के साथ नितीश कुमार रेड्डी ने 53 और हर्षित राणा ने 52 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। एक समय भारत मैच में वापसी की स्थिति में दिख रहा था, लेकिन किवी गेंदबाजों ने कमाल किया। क्रिस्टियन क्लार्क (3/54) और जैक फाउल्क्स (3/77) ने मिलकर 6 विकेट चटकाए। आखिरी विकेट 46वें ओवर में गिरा और भारत 296 रनों पर ऑलआउट हो गया।

न्यू ज़ीलैण्ड की ऐतिहासिक जीत और सीरीज पर कब्जा

यह जीत न्यूजीलैंड के लिए बेहद खास रही क्यों की इस सीरीज में न्यू ज़ीलैंड अपने बहुत से प्रमुख खिलाड़ियों को आराम देकर युवा खिलाड़ियों को मौका दिया था,जिन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने भारत में पहली बार वनडे सीरीज जीतकर इतिहास रचा। डैरिल मिचेल को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया, जिन्होंने पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया।

सीरीज का सारांश:

  • पहला वनडे: भारत ने 4 विकेट से जीता
  • दूसरा वनडे: न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से जीता
  • तीसरा वनडे: न्यूजीलैंड ने 41 रन से जीता
  • सीरीज: न्यूजीलैंड 2-1 से विजेता

कोहली की पारी भले ही शानदार रही, लेकिन टीम की बल्लेबाजी में गहराई की कमी और किवी गेंदबाजों की सटीकता ने मैच का रुख पलट दिया। यह हार भारतीय टीम के लिए सबक लेकर आई है, जबकि न्यूजीलैंड का आत्मविश्वास अब चरम पर है।

Leave a Comment