IND vs ZIM T20 World Cup 2026:चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए सुपर-8 के महत्वपूर्ण मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से करारी शिकस्त दी। यह जीत भारत के लिए बेहद अहम है, क्योंकि इससे टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें पूरी तरह जिंदा हो गई हैं। अब भारत का अगला मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ होगा, जो वर्चुअल क्वार्टरफाइनल जैसा होगा।
भारतीय बल्लेबाज़ों का शानदार प्रदर्शन
जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इस फैसले को पूरी तरह गलत साबित कर दिया। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 256 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
इन भारतीय बल्लेबाजों का रहा जलवा:
- अभिषेक शर्मा (55 रन, 30 गेंद): पिछले कुछ मैचों से शांत चल रहे अभिषेक ने अपनी फॉर्म वापस पा ली और 4 चौकों व 4 छक्कों की मदद से विस्फोटक अर्धशतक जड़ा।
- हार्दिक पांड्या (50 रन, 23 गेंद): अंत के ओवरों में हार्दिक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और नाबाद 50 रन बनाकर टीम को 250 के पार पहुँचाया।
- तिलक वर्मा (44 रन, 16 गेंद): तिलक ने मात्र 275 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई।
- सूर्यकुमार यादव (33 रन, 13 गेंद): कप्तान ने भी छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारी खेली।
जिम्बाब्वे की पारी: ब्रायन बेनेट की संघर्षपूर्ण पारी
257 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम कभी भी लक्ष्य के करीब नहीं दिखी।हालांकि, सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने अकेले दम पर संघर्ष किया और 97 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्होंने शिवम दुबे के एक ओवर में 26 रन भी बटोरे, लेकिन दूसरे छोर से साथ न मिलने के कारण टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी।
भारतीय गेंदबाजों ने बहुत ही अनुशासित गेंदबाजी की और जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किये, और इसके साथ ही अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने मिडिल ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी की और महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।
सेमीफाइनल का समीकरण (Points Table Update)
इस जीत के बाद ग्रुप-1 का समीकरण काफी दिलचस्प हो गया है:
- दक्षिण अफ्रीका: सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी है।
- वेस्टइंडीज: वेस्टइंडीज 2 अंकों के साथ बहतर रन रेट के कारण दुसरे स्थान पर बरकरार है।
- भारत: 2 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।
भारत का अगला मुकाबला रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होगा। यह मैच एक ‘वर्चुअल क्वार्टर फाइनल’ की तरह होगा; जो जीतेगा वो सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश करेगा।
भारत की जीत से फैंस में जोश भर दिया है
भारत की इस जीत ने प्रशंसकों में नया जोश भर दिया है। टीम इंडिया की आक्रामक बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी को देखते हुए अब वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले ‘करो या मरो’ के मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है।
