T20 World Cup 2026: भारत ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर जीता रिकॉर्ड तीसरा खिताब

T20 World Cup 2026: 8 मार्च 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए  टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के महामुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड (India vs New Zealand) को 96 रनों के विशाल अंतर से रौंदकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने अपनी घरेलू सरजमीं पर विश्व कप जीतने का सपना पूरा किया है।

यह जीत भारत के लिए सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में इसी मैदान पर मिली हार के दर्द पर एक मरहम की तरह है। पूरी दुनिया ने देखा कि कैसे भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) ने इस टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखा और फाइनल में 255 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा करके कीवी टीम को पूरी तरह से पस्त कर दिया।

मैच का संक्षिप्त विवरण (Match Summary)

टीमस्कोरमुख्य खिलाड़ी (बल्लेबाजी/गेंदबाजी)
भारत (India)255/5 (20 ओवर)संजू सैमसन (89 रन), ईशान किशन (54 रन), अभिषेक शर्मा (52 रन)
न्यूजीलैंड (New Zealand)159/10 (19 ओवर)टिम सीफर्ट (52 रन), जसप्रीत बुमराह (4/15), अक्षर पटेल (3/27)

भारतीय बल्लेबाजों का तूफान: फाइनल मुकाबले में की रनों की बारिश

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत थोड़ी सतर्कता से भरी रही और पहले दो ओवरों में केवल 12 रन ही बने। लेकिन तीसरे ओवर के अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन (Sanju Samson) ने गियर बदला और कीवी गेंदबाजों की जमकर धुनाई शुरू कर दी।

भारत ने पावरप्ले (शुरुआती 6 ओवर) में 92 रन ठोक डाले, जो कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। अभिषेक शर्मा ने अपनी ताबड़तोड़ फॉर्म जारी रखते हुए मात्र 21 गेंदों में 52 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद, टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाज संजू सैमसन ने जिम्मेदारी संभाली और तीसरे नंबर पर आए ईशान किशन के साथ मिलकर कीवी गेंदबाजों को सांस लेने का मौका नहीं दिया।

संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रनों की एक ऐतिहासिक पारी खेली। यह टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। दूसरी छोर से ईशान किशन ने भी 25 गेंदों में 54 रनों की तूफानी पारी खेली। 16वें ओवर में जेम्स नीशम ने सैमसन, किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव को आउट करके मैच में रोमांच वापस लाने की कोशिश की, लेकिन अंत में शिवम दुबे ने महज़ 8 गेंदों पर 26 रन ठोककर भारत का स्कोर 255/5 तक पहुंचा दिया। यह टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।

भारतीय गेंदबाजों का कहर: बुमराह और अक्षर के आगे पस्त हुई न्यूजीलैंड

256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरूआत से ही दबाव में नजर आ रही थी। और अक्षर पटेल ने शुरुआती ओवरों में ही न्यूज़ीलैंड के घातक ओपनर फिन एलन को आउट करके न्यूजीलैंड को और दबाब में डाल दिया और भारत की पकड़ मैच पर और मजबूत हो गई।

न्यूजीलैंड की तरफ से केवल टिम सीफर्ट (Tim Seifert) ने कुछ संघर्ष दिखाया और 23 गेंदों में 52 रन बनाए, लेकिन स्पिन के जादूगर वरुण चक्रवर्ती ने उन्हें 9वें ओवर में पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इसके बाद अक्षर पटेल ने बीच के ओवरों में लगातार 3 अहम विकेट चटकाकर न्यूजीलैंड की वापसी के सारे रास्ते बंद कर दिए।

अंत में जसप्रीत बुमराह ने वापस आकर पुछल्ले बल्लेबाजों को समेट दिया। बुमराह ने अपने 4 ओवर के स्पेल में महज़ 15 रन देकर 4 बड़े विकेट झटके। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रनों पर सिमट गई और भारत ने 96 रनों की ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने बनाए 5 ऐतिहासिक रिकॉर्ड

इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने कई ऐसे कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जो उसे दुनिया की सबसे मजबूत टी20 टीम साबित करते हैं:

  • सबसे सफल टीम: भारत अब 3 टी20 वर्ल्ड कप खिताब (2007, 2024, 2026) जीतने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। उसने इंग्लैंड और वेस्टइंडीज (2-2 खिताब) को पीछे छोड़ दिया है।
  • टाइटल डिफेंड करने वाली पहली टीम: पुरुष क्रिकेट इतिहास में भारत पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने सफलतापूर्वक अपनी टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का बचाव किया है।
  • घरेलू सरजमीं पर जीत: टी20 विश्व कप के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी मेजबान देश (Host Nation) ने घर में यह खिताब जीता हो।
  • फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर: भारत का 255/5 का स्कोर टी20 विश्व कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है (इससे पहले का रिकॉर्ड भी भारत के ही नाम था – 2024 में 176/7)।
  • फाइनल में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी: संजू सैमसन के 89 रन टी20 वर्ल्ड कप फाइनल की सबसे बड़ी पारी बन गए हैं।

संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह का रहा जलवा

मैन ऑफ द मैच (Player of the Match): अपनी खतरनाक गेंदबाजी से 4 विकेट चटकाने वाले जसप्रीत बुमराह को फाइनल मुकाबले का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। टूर्नामेंट में उन्होंने कुल 14 विकेट हासिल किए।

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट (Player of the Tournament): पूरे वर्ल्ड कप में अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाने वाले और लगातार तीन अर्धशतक (फाइनल में 89 रन सहित) जड़ने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट   का ख़िताब दिया गया।

T20 World Cup 2026 जीत के बाद पूरे देश में जश्न और सेलिब्रेशन

जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। दिल्ली से मुंबई, कोलकाता से बेंगलुरु तक सड़कें नीली हो गईं। फैंस ने पटाखे फोड़े, ढोल बजाए। इस जीत के बाद भारत के पूर्व सफल कप्तान जिन्होंने खुद ये ख़िताब जीते हैं महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा और अन्य सभी खिलाड़ियों ने भारतीय टीम की जमकर तारीफ की और उन्हें इस जीत के लिए वधाई दी। 

Leave a Comment