इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के ब्लॉकबस्टर उद्घाटन मुकाबले में गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी है। 202 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी के बल्लेबाजों ने इसे महज 15.4 ओवरों में ही हासिल कर लिया। विराट कोहली (69*) और देवदत्त पडिक्कल (61) की तूफानी पारियों ने इस मैच को पूरी तरह से एकतरफा बना दिया।
IPL 2026 RCB vs SRH मैच का संक्षिप्त विवरण (Match Summary)
- टॉस: आरसीबी (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
- सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का स्कोर: 201/9 (20 ओवर)
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का स्कोर: 203/4 (15.4 ओवर)
- परिणाम: RCB ने 6 विकेट और 26 गेंद शेष रहते मैच जीता।
- प्लेयर ऑफ द मैच: जैकब डफी (RCB) – 4 ओवर, 22 रन, 3 विकेट।
SRH की पारी की खराब शुरुआत, ईशान किशन की कप्तानी पारी बेकार
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। आरसीबी के लिए अपना डेब्यू मैच खेल रहे न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी (Jacob Duffy) ने पावरप्ले में ही कहर बरपा दिया। डफी ने खतरनाक फॉर्म में चल रहे ट्रेविस हेड (11), अभिषेक शर्मा (7) और नीतीश कुमार रेड्डी (1) को पवेलियन भेजकर SRH का स्कोर 29/3 कर दिया।
ईशान किशन की कप्तानी पारी गई बेकार
पैट कमिंस की अनुपस्थिति में कप्तानी कर रहे ईशान किशन ने अकेले दम पर हैदराबाद की पारी को संभाला। उन्होंने 38 गेंदों पर 80 रनों की तूफानी पारी खेली। अंत में अनिकेत वर्मा के 18 गेंदों पर 43 रनों की बदौलत SRH ने 201/9 का स्कोर बनाया, जो चिन्नास्वामी की छोटी बाउंड्री पर बौना साबित हुआ।
RCB की तूफानी बल्लेबाजी: कोहली और पडिक्कल का जलवा
202 रनों का लक्ष्य टी20 क्रिकेट में हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन आरसीबी के बल्लेबाजों के इरादे कुछ और ही थे। सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट (8 रन) के जल्दी आउट होने के बाद देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली ने मोर्चा संभाला।
- पडिक्कल का पलटवार: पिछले सीजन की शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए देवदत्त पडिक्कल ने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाए। उन्होंने मात्र 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 26 गेंदों में 61 रन (7 चौके, 4 छक्के) बनाकर आउट हुए। कोहली और पडिक्कल के बीच 45 गेंदों में 101 रनों की साझेदारी हुई।
- कप्तान पाटीदार का कैमियो: पडिक्कल के आउट होने के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने सिर्फ 12 गेंदों में 31 रन (2 चौके, 3 छक्के) ठोक कर हैदराबाद के गेंदबाजों की कमर तोड़ दी।
- चेज़ मास्टर विराट कोहली: दूसरी छोर पर विराट कोहली ने अपनी क्लासिकल बल्लेबाजी से फैंस का दिल जीत लिया। कोहली ने अंत तक नाबाद रहते हुए 38 गेंदों में 69 रन बनाए (5 चौके, 5 छक्के) और टिम डेविड (16*) के साथ मिलकर टीम को 15.4 ओवर में ही जीत दिला दी।
RCB vs SRH भावुक क्षण:11 प्रशंसकों को दी श्रद्धांजलि
मैच के दौरान एक भावुक पल भी आया जब RCB के खिलाड़ी बांह पर काली पट्टी (Black Armbands) बांधकर उतरे। यह पिछले साल खिताबी जीत के जश्न के दौरान हुए हादसे में जान गंवाने वाले 11 फैंस को दी गई एक खास श्रद्धांजलि थी। स्टेडियम में 11 सीटें भी खाली रखी गईं और खिलाड़ियों ने 2 मिनिट का मौन रखा।
RCB की IPL 2026 में धमाकेदार शुरुआत
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस धमाकेदार जीत के साथ यह साबित कर दिया है कि वे अपने खिताब का बचाव करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। गेंदबाजी से लेकर बल्लेबाजी और फील्डिंग तक, आरसीबी ने हर विभाग में हैदराबाद को मात दी। दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद को अपनी गेंदबाजी और पावरप्ले के प्रदर्शन पर गंभीरता से विचार करना होगा।
